हनुमान अंश ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा, उत्तराखंड में हुई टैक्स-फ्री; CM धामी ने किया बड़ा ऐलान
छोटे बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन पार कर लिया है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने अपनी रिलीज के बाद लगातार मजबूत प्रदर्शन किया है। अब फिल्म की सफलता के बीच उत्तराखंड सरकार ने इसे पूरे राज्य में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को फिल्म थिएटर में जाकर ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान इसे पूरे उत्तराखंड में टैक्स-फ्री करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से फिल्म देखने की अपील भी की।
बाबा नीम करोली महाराज की जिंदगी पर आधारित है फिल्म
‘हनुमान अंश’ की कहानी बाबा नीम करोली महाराज के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। फिल्म में उनके तप, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी आस्था को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म के जरिए बाबा नीम करोली महाराज के जीवन और उनके मानव सेवा से जुड़े विचारों को दर्शाने की कोशिtश की गई है। फिल्म में उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी गई है।

CM पुष्कर सिंह धामी ने की फिल्म की तारीफ
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हनुमान अंश’ की टीम को सफलता की बधाई दी। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से दर्शकों को बाबा नीम करोली महाराज की तपस्या, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट आस्था को जानने-समझने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, बाबा नीम करोली महाराज ने अपना जीवन मानव सेवा, आध्यात्मिक साधना और समाज के कल्याण के लिए समर्पित किया था। उन्होंने कहा कि बाबा का जीवन यह संदेश देता है कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का भी मार्ग है।
30वें दिन 100 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘हनुमान अंश’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने अपने 30वें दिन 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया।
वहीं फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 89 करोड़ रुपये पहुंच गया है। खास बात यह है कि पांचवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी हुई है।
करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई फिल्म के लिए यह प्रदर्शन बेहद खास माना जा रहा है। बड़े बजट की फिल्मों के बीच रिलीज होने के बावजूद फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए रखी है।
उत्तराखंड में अब टैक्स-फ्री होने से क्या होगा?
उत्तराखंड में फिल्म को टैक्स-फ्री घोषित किए जाने के बाद राज्य में इसे देखने वाले दर्शकों को टिकट की कीमत में राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म में उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने की भी सराहना की।
फिल्म की कहानी और बाबा नीम करोली महाराज से जुड़े विषय के कारण उत्तराखंड में इसे लेकर खास दिलचस्पी देखने को मिल रही है।
छोटे बजट की फिल्म का बड़ा कमाल
‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी खासियत इसका कम बजट और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन है। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म का 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन पार करना इसकी व्यावसायिक सफलता को दिखाता है।
फिल्म की कमाई पांचवें सप्ताह में भी जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की संभावना बनी हुई है।





