पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आज होगी जारी, जानें कितने बजे आएंगे पैसे और कैसे चेक करें स्टेटस
देशभर के करोड़ों किसानों के लिए आज का दिन बेहद खास है। केंद्र सरकार आज 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करने जा रही है। इस किस्त के तहत 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
सरकार यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजती है। गौरतलब है कि पीएम किसान योजना की शुरुआत साल 2019 में की गई थी, जिसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह रकम तीन समान किस्तों में दी जाती है, यानी हर चार महीने में किसानों के खाते में 2000 रुपये ट्रांसफर किए जाते हैं। अब तक सरकार किसानों को 21 किस्तें जारी कर चुकी है और आज 22वीं किस्त जारी की जाएगी।
कितने बजे जारी होगी पीएम किसान की 22वीं किस्त?
पीएम किसान योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया अपडेट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे गुवाहाटी से लगभग 18,640 करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
यह राशि सिंगल क्लिक सिस्टम के जरिए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पैसे ट्रांसफर होने के बाद किसानों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भी भेजा जाएगा।
ऐसे चेक करें पीएम किसान योजना का स्टेटस
अगर आप पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं, तो आप आसानी से अपनी किस्त का स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
स्टेटस चेक करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करें।
- अब रजिस्ट्रेशन नंबर या आधार नंबर दर्ज करें।
- कैप्चा कोड भरें और OTP से वेरिफिकेशन करें।
- इसके बाद आपको पता चल जाएगा कि आपकी किस्त जारी हुई है या नहीं।
पीएम किसान योजना के पैसे कैसे निकालें?
किसानों के बैंक खाते में पैसे आने के बाद उन्हें निकालना भी आसान है। किसान सीधे अपने बैंक शाखा से पैसे निकाल सकते हैं।
अगर बैंक दूर है या कोई परेशानी हो रही है, तो किसान इन माध्यमों से भी पैसा निकाल सकते हैं:
- कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)
- फेयर प्राइस शॉप (FPS)
- सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG)
- किसान प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (FPO)
- DigiPay या DigiPay Lite ऐप
eKYC करवाना है जरूरी
सरकार ने पीएम किसान योजना के लिए eKYC अनिवार्य कर दिया है। यदि आपका eKYC पूरा नहीं हुआ है, तो आपकी किस्त अटक सकती है।
इसके अलावा बैंक खाते का आधार से लिंक होना भी जरूरी है। अगर किसी भी तरह की जानकारी में गलती है, तो किसान पीएम किसान पोर्टल पर जाकर उसे सुधार सकते हैं।
महिला किसानों को भी मिलेगा लाभ
पीएम किसान योजना का लाभ देशभर के करोड़ों किसानों को मिल रहा है। इसमें 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसान भी शामिल हैं।
इस योजना के जरिए किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक खरीदने और घरेलू खर्चों में मदद मिलती है। साथ ही यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खेती को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।







